प्रतापगढ़ शहर स्थित मुख्य डाकघर परिसर में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक कक्ष में संचालित इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) कार्यालय में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे डाकघर कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से इसे अन्य कमरों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
इस आगजनी की घटना में कार्यालय में रखे कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर पूरी तरह राख हो गए, वहीं एसी, कंप्यूटर, लैपटॉप सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारी नुकसान का आकलन करने में जुट गए हैं। साथ ही आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.