जिला कलेक्टर संदेश नायक ने बताया कि ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन, सामाजिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं और आमजन सक्रिय रूप से भाग लेंगे। अभियान की शुरुआत 9 अगस्त को जनजागरूकता कार्यक्रमों और तिरंगा रैली से होगी, जबकि 10 अगस्त को घर-घर तिरंगा वितरण कर लोगों को सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
11 अगस्त को विद्यालयों में निबंध, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। 12 अगस्त को बाइक और साइकिल तिरंगा रैली निकाली जाएगी, जबकि 13 अगस्त को सरकारी और गैर-सरकारी भवनों में तिरंगा सजावट अभियान चलाया जाएगा।
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के तहत संगोष्ठियां, विशेष व्याख्यान और स्मृति कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें विभाजन के दौरान हुए संघर्ष, बलिदान और राष्ट्रीय एकता के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाएगा।
15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसके बाद 16 अगस्त को विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं का सम्मान किया जाएगा तथा 17 अगस्त को अभियान का समापन समारोह आयोजित कर उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने नगर निगम, जिला परिषद, शिक्षा विभाग, पंचायत समितियों सहित सभी संबंधित विभागों को अभियान के सफल संचालन की जिम्मेदारी सौंपी है। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि वे अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं, ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान से जुड़ें और इस राष्ट्रीय पर्व को जनभागीदारी का उत्सव बनाएं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.