डूंगरपुर। राजस्थान के डूंगरपुर नगर परिषद ने मंदिरों में चढ़ने वाले फूलों का सदुपयोग करने के लिए एक अनूठी पहल शुरू की है। अब शहर के विभिन्न मंदिरों से प्रतिदिन एकत्र किए जाने वाले फूलों और मालाओं को कचरे में फेंकने के बजाय उनसे सुगंधित अगरबत्तियां तैयार की जाएंगी। इसके लिए शास्त्री कॉलोनी स्थित सामुदायिक भवन में आधुनिक अगरबत्ती निर्माण यूनिट स्थापित की गई है।
इस यूनिट में मंदिरों से एकत्र किए गए फूलों को पहले वैज्ञानिक तरीके से सुखाया जाएगा। इसके बाद उन्हें पीसकर सुगंधित मिश्रण तैयार किया जाएगा और आधुनिक मशीनों की सहायता से अगरबत्तियों का निर्माण होगा। यूनिट में लगी मशीन हर घंटे लगभग एक हजार अगरबत्तियां बनाने में सक्षम है, जिससे प्रतिदिन 50 हजार से अधिक अगरबत्तियों का उत्पादन किया जा सकेगा।
इस पूरी परियोजना का संचालन महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से किया जाएगा। तैयार अगरबत्तियां स्थानीय बाजार में बेची जाएंगी, जिससे महिलाओं की आय बढ़ेगी और उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। यह पहल स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण का बेहतरीन उदाहरण मानी जा रही है। स्थानीय लोगों ने भी इस नवाचार का स्वागत किया है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.